Powered by Blogger.

Followers

Showing posts with label उद्बोधन- गीत. Show all posts
Showing posts with label उद्बोधन- गीत. Show all posts

ओ गोकुल के कृष्ण कन्हैया(एक गंभीर व्यंग्य)


******०००*****
ओ गोकुल के कृष्ण कन्हैया !
व्याकुल धरती-जसुदा मैया ||
-----------------------------------
देखो कितने ‘कालिय’ जागे |
बचने जनता किधर को भागे ||
सहमे सहमे डरे डरे हैं –
भोले भाले लोग अभागे ||
कपट,कूट विष-दन्त हैं इनके |
छल-प्रपञ्च दुर् अन्त हैं इनके ||
फन पर कर के था था थैया –
इनका अब है कौन नथैया ||
ओगोकुल के कृष्ण कन्हैया !!  
व्याकुल धरती-जसुदा मैया ||१||
  

देखो लज्जा - हीन 'वासना' |
‘बचपन’ हरने बनी पूतना ||
‘मर्यादा’ के वसन उतारे -
सरे आम चाहती नाचना ||
बिना तुम्हारे, लीला धारी !
तुम्हीं बताओ, अरे मुरारी !!
कौन है इसका नाश करैया ?
रक्षा के विशवास दिवैया !
ओ गोकुल किए कृष्ण कन्हैया !
व्याकुल धरती-जसुदा मैया ||२||
  

पाप के दुर्योधन, दुश्शासन |
करते हैं हर पुण्य-विनाशन ||
भ्रष्टाचार के कितने ‘कौरव’ !
करते हैं ये धरा पे शासन ||
ये जन जन को सता रहे हैं |
उल्टे रस्ते बता रहे हैं ||
तरह तरह के बने माफिया |
है सब का ईमान हर लिया ||
पाप-निवारक शंख बजैया |
धर्म-युद्ध ‘भारत’ करवैया ||
ओ गोकुल के कृष्ण कन्हैया ||
व्याकुल धरती-जसुदा मैया ||३||
   
 अ मर्यादित द्रौपदी हो रही |
चौराहों पर लाज खो रही ||
करके निज अस्तित्व समर्पित –
दिगम्बरा है स्वयं हो रही ||
‘धन के लोभ’ के आगे हारी |
बनी रूप की यह व्यापारी ||
कितने प्रसन्न चीर खिंचैया !
विवसन कर के नाच नचैया ||
ओ गोकुल के कृष्ण कन्हैया ||
व्याकुल धरती-जसुदा मैया ||४||
    
‘पौंड्रिक’; 'नकली कृष्ण' हैं कितने !
मुश्किल हैं उँगली पर गिनने ||
उनसे लुटते रोज ‘सुदामा’ –
कहाँ जाएँ बेचारे बसने ||
बहुत हो गया अब तो आओ !
गिरता ‘भारत’ इसे बचाओ !!
तुम बिन कौन है पार करैया ?
डूब रही ‘विशवास' की नैया ||
ओ गोकुल के कृष्ण कन्हैया ||
व्याकुल धरती-जसुदा मैया ||५||
     

Read more...

देख (एक हकीकत)


पिशाच लालच वाला देख |
पड़ा है जिससे पाला देख ||
चिकनी चुपड़ी बातों का 
 सब पर डाला जादू देख ||
================

कभी नीम है, कभी आम है |
ठगता फिरता सारे आम है ||
इसके दिल में कंगाली है -
जेब में इसके भरे दाम हैं ||
नंबर एक की चोरी करके |
प्रेम से या बरजोरी कर के ||
अपनी बड़ी तिजोरी भर के ||
कल का दुबला पतला झींगुर 
आज है मोटा लाला देख ||
किसके किसके मुहँ का छीना -
इसने आज निवाला देख ||१||
 
बड़े होटलों में जाता है |
परियों से मन बहलाता है ||
दाल भात से पेट न भरता -
सोने के बिस्कुट खाता है ||
कितने किये हैं इसने खर्चे-
दीवारों पर चिपके पर्चे ||
जहाँ तहाँ हैं इसके चर्चे ||
उस मंत्री का जीजा है यह- 
उस मंत्री का साला देख ||
अट्टहास कर जुगनूँ चमका-  
बदबूदार उजाला देख ||२||

करता रात दिवस यह पूजा |
काम नहीं है कोई दूजा ||
रोज फांस कर हलाल करता -
मोटी मुर्गी हो या  चूजा ||
कौन गयी है उससे न छली |
फाँसी इसने है हर मछली ||
सब पर इसकी तबियत मचली ||
'बगुला' धर्म-प्रचार कर रहा-
गले में कण्ठी-माला देख ||
गर्दन तक गन्दे ने सब पर-
कीचड खूब उछाला देख ||३|| 
   
यह है कितना अजब तमाशा |
स्वांग रचा है अच्छा खासा ||
है सब को इंसाफ बांटती-
जैसे हो यह दूध बताशा ||
इसे न लज्जा न कोई डर |
नित्य बदलती है अपना वर  ||
रच रच कर हर रोज स्वयम्वर ||
वसन उतारे न्याय करेगी-
यह फ़िल्मी सुर-बाला देख ||
कितना कामी उत्तेजक है-
रूप का गरम मसाला देख ||४||
  
किससे करें सुधार की बातें |
पंक में गंगा -धार की बातें ||
जिससे कहो  उसे लगती हैं -
ये बिल्कुल बेकार की बातें ||
खो कर अपनी आस न रो तू |
इतना अधिक उदास न हो तू ||
भय्या बहुत निराश न हो तू || 
 अंधकार पूरी नगरी में -
बना कलूटा काला देख ||
"प्रसून" दीप जलायेगा अब- 
कोंई हिम्मत वाला देख ||५||  
 

Read more...

सुनो पथिक

प्रीति-डगर के पथिक हो|
शूल-पंथ के पथिक हो||
सुनो तनिक तो तुम अहो!
सुनो तनिक तो तुम अहो!!
!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!
यों तो दृढ़ता प्रेय है|
अडिग तुम्हारा ध्येय है||
माना चढ़ना श्रेय है||
आगे बढ़ना श्रेय है||
किन्तु नियति के ताप से-
दैव-जन्य संताप से-
यदि तुमको गलना पड़े|
उतर उतर चलना पड़े ||
जैसे गलता हिम, गलो|
उतर उतर कर तुम चलो||
बन कर निर्झर तुम ढलो||
पर हित अवनति में रहो|
बन कर गिरि, सरिता बहो||
सुनो तनिक तो तुम अहो!!१!!
सचमुच भला न दाह है|
दुःख-मय हृदय-प्रदाह है||
सुखद सुमन की राह है||
रस-मय प्रेम-प्रवाह है||
पर यदि जग के पाप से|
लड़ कर अपने आप से||
हो बेबस जलना पड़े-
संयम को छलना पड़े -
स्नेह-दीप से तुम जलो|
देकर अपना दम जलो||
हर कर सारा तम जलो||
त्याग दीप्ति में रत दहो|
प्रतिहिंसा में मत दहो||
सुनो तनिक तो तुम अहो!!२!!

Read more...

About This Blog

  © Blogger template Shush by Ourblogtemplates.com 2009

Back to TOP